कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण कर लौटे महंत श्री दीपक पुरी जी महाराज का भव्य स्वागत
महेश कुमार बिड़ला मीडिया प्रभारी/मांडल भीलवाड़ा
पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर पुनः मांडल स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचने पर महंत श्री दीपक पुरी जी महाराज का क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र के समस्त व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं ने महंत श्री का साफा, उपरना एवं पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मान किया। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर अपनी श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की। स्वागत समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों की मंगलमय ध्वनि एवं भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भव्य शोभायात्रा के रूप में महंत दीपक पुरी जी महाराज को सम्मानपूर्वक नीलकंठ महादेव मंदिर स्थित उनके मठ तक पहुंचाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने महंत श्री के स्वस्थ एवं सफल कैलाश मानसरोवर दर्शन से लौटने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।