छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध*
*जिला पदाधिकारी, कटिहार श्री आशुतोष द्विवेदी (भा०प्र०से०) एवं पुलिस अधीक्षक, कटिहार श्री परिचय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित*
आज दिनांक 09 नवंबर 2026 को एन आई सी के सभा कक्ष में आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्व-त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताः*
जिला पदाधिकारी ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर स-समय उपस्थित रहने, आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से दायित्वों का निर्वहन करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया।
*छठ घाटो पर विशेष सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधनः*
सभी प्रमुख छठ घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों की पहचान, सुरक्षा घेरा, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, चेंजिंग रूम एवं प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष बल दिया गया।
*श्रद्धालुओं की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधनः*
नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को छठ घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की साफ-सफाई, सुगम आवागमन एवं पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।
*अग्निशमन एवं स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट:*
पर्व के दौरान अगलगी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन वाहनों एवं कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं, चिकित्सकीय टीमों एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित रखने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सक्रिय रखने को कहा गया।
*सुरक्षित विद्युत आपूर्तिः*
विद्युत विभाग को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर एवं खुले विद्युत तारों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
*असामाजिक तत्वों एवं सोशल मीडिया पर विशेष निगरानीः*
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, नियमित गश्ती करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं तथा अफवाह फैलाने वालों पर भी सतत निगरानी रखने को कहा गया।
*आपसी समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई* :
सभी पदाधिकारियों को निर्धारित स्थलों एवं समय के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी अप्रिय घटना, दुर्घटना अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
*जिला प्रशासन की जिलेवासियों से अपील*
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से छठ महापर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या जिला प्रशासन को देने का अनुरोध किया।
जिला प्रशासन कटिहार पर्व-त्योहार के दौरान आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी
, कटिहार।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar #CMSamrat #samratchoudhary #katihar @topfans Samrat Choudhary
Katihar, Bihar | Nov 9, 2026