टमक पूजन के साथ आज शुरू होगा ऐतिहासिक जिला स्तरीय श्री गुग्गा माड़ी मेला सुबाथू...
सुबाथू, 17 सितम्बर 2026: जिला सोलन के छावनी क्षेत्र सुबाथू में 150 वर्षों से अधिक पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ऐतिहासिक जिला स्तरीय श्री गुग्गा माड़ी मेला आज पारंपरिक टमक पूजन के साथ शुरू होगा।
मेले का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त सोलन श्री मनमोहन शर्मा द्वारा टमक पूजन के साथ किया जाएगा, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सुबाथू छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी श्री निशांत गुप्ता करेंगे।
चार दिवसीय यह मेला 17 से 20 सितम्बर 2026 तक आयोजित होगा। परंपरा के अनुसार ढोल-नगाड़ों के साथ देवी-देवताओं को मेले में पधारने का निमंत्रण दिया जाएगा। मेले में सोलन जिला सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जो श्री गुग्गा जाहरवीर महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना करेंगे।
श्री गुग्गा माड़ी कमेटी के प्रधान श्री भूमेश सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि मेले को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है और चारों दिनों श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
मेले को लेकर श्री गुग्गा माड़ी मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। आकर्षक विद्युत सजावट रात्रि के समय मंदिर की भव्यता को और बढ़ाएगी। मेले की पहली रात सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध हिमाचली कलाकारों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।
मेला मैदान में व्यापारिक दुकानों के साथ किश्ती झूला, बड़ा चंदोल, क्रॉस झूला और जल परी झूला भी लगाए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र एवं मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध करवाया जा सके।
ऐतिहासिक श्री गुग्गा माड़ी मेला सुबाथू क्षेत्र की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
Solan, Solan | Sep 18, 2026