हनुमान टेकरी का प्राचीन चमत्कारी मंदिर
-जहां पूरी होती हैं श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं
अनोखा तीर, हंडिया। पुण्य सलिला मां नर्मदा से लगभग 12 किलोमीटर दक्षिण दिशा में ग्राम रातातलाई और पचौला के मध्य स्थित हनुमान टेकरी पर विराजमान बजरंगबली का प्राचीन एवं चमत्कारी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि यहां लगातार पांच शनिवार तक हनुमान चालीसा का पाठ करने से श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार की परेशानियों एवं संकटों से मुक्ति मिलती है। हनुमान टेकरी के महंत रमेश सत्यवृत गिरी ने बताया कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से बजरंगबली की सेवा में लगे हुए हैं। मंदिर में दक्षिणमुखी हनुमानजी की सिद्ध प्रतिमा विराजमान है। इसके अलावा यहां भगवान शंकर, ज्वाला देवी सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं, जहां श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। महंत रमेश सत्यवृत गिरी के अनुसार प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर यहां आते हैं और बजरंगबली की कृपा से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहता है, जिससे श्रद्धालुओं को विशेष शांति और ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत रातातलाई द्वारा मंदिर परिसर में शौचालय निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन वह अभी भी अपूर्ण स्थिति में पड़ा हुआ है। वहीं कुछ दूरी पर गौशाला का निर्माण कार्य भी कराया गया है, जिसकी वर्तमान स्थिति दयनीय बनी हुई है। स्थानीय श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने इन अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
Harda, Harda | Jun 4, 2026