हरदा में एयर रेड, ब्लैकआउट और सर्च-रेस्क्यू मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशानुसार गुरुवार शाम छीपानेर चौराहा क्षेत्र में जिला प्रशासन, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, एसडीईआरएफ और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एयर रेड, ब्लैकआउट, सर्च एंड रेस्क्यू मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल का संचालन प्लाटून कमांडर होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ हरदा श्रीमती रक्षा राजपूत के निर्देशन में किया गया। शाम 7:30 बजे पहला एयर रेड सायरन बजते ही क्षेत्र में पूर्ण ब्लैकआउट किया गया। इसके बाद 7:40 बजे दूसरा तथा रात 8 बजे अंतिम सायरन बजाकर हवाई हमले की समाप्ति का संकेत दिया गया।
अभ्यास के दौरान सिविल डिफेंस की विभिन्न टीमों ने घायलों की सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, ट्रायेज, राहत सामग्री वितरण और एम्बुलेंस तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया। वहीं फायर फाइटिंग टीम ने आग पर त्वरित नियंत्रण की कार्यवाही कर अपनी तत्परता दिखाई।
ब्लैकआउट के दौरान एसडीईआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। आयोजन से पूर्व प्रशासन ने मोबाइल थाना, पंपलेट और सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया था, जिससे मॉक ड्रिल शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी अमित मिश्रा, आरआई श्रीमती रजनी गुर्जर, सूबेदार उमेश ठाकुर सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल में करीब 40 पुलिस जवान, 70 सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, एनसीसी-एनएसएस स्वयंसेवक तथा 20 एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड जवानों ने भाग लिया।
प्रशासन ने बताया कि इस तरह के अभ्यास आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और जनसुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Harda, Harda | Jun 4, 2026