टिहरी में भीषण सड़क हादसा,गूलर के पास गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 की मौत, 26 घायल।
टिहरी,17 नवंबर 2026: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी एक बस (UK09PA-9779) सुबह करीब 4:30 बजे गूलर बाजार पुल के पास अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ढालवाला पोस्ट और मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भी भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण की अगुवाई में जवानों ने स्थानीय पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे सभी 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। साथ ही, हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्चिंग के बाद रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है।