प्रेशर हॉर्न, अवैध लाइट और बिना नंबर प्लेट के मॉडिफाइड बाइक पर पंचकूला पुलिस का शिकंजा, 21,500 रुपये का चालान कर बाइक की इंपाउंड
पंचकूला/ 26 अगस्त:- पंचकूला में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने के साथ-साथ शरारती तत्वों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर ऐसे वाहनों की जांच कर रही हैं, जो यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि इसी अभियान के तहत चंडीमंदिर थाना पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इस दौरान गांव चंडीकोटला में पुलिस टीम को एक लावारिस मॉडिफाइड बाइक मिली। पुलिस द्वारा बाइक की जांच करने पर उसमें प्रेशर हॉर्न और अवैध लाइट लगी हुई पाई गई। इसके अलावा बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस टीम ने नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए बाइक का कुल 21,500 रुपये का चालान किया तथा बाइक को इंपाउंड कर लिया।
डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं, प्रेशर हॉर्न व अवैध लाइट का इस्तेमाल न करें तथा वाहन पर निर्धारित नंबर प्लेट अवश्य लगाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।