पंचकूला पुलिस के नशामुक्त अभियान का दिखा असर: काउंसलिंग के बाद 2 छात्रों ने छोड़ा कूल लिप का नशा, पौधा लगाकर शपथ ली -अब जिंदगी में कभी नशा नहीं करेंगे
पंचकूला/बरवाला/ 26 अगस्त:- नशे के खिलाफ पंचकूला पुलिस की मुहिम अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को सही राह दिखाकर उन्हें नशामुक्त जीवन की ओर वापस लाने के लिए भी पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत आज बरवाला क्षेत्र के गांव बिल्ला स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान दो छात्रों ने स्वेच्छा से पुलिस टीम के सामने आकर बताया कि वे कूल लिप का नशा करते हैं। पुलिस टीम ने दोनों छात्रों की मौके पर ही काउंसलिंग की और उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में समझाया। पुलिस की सकारात्मक पहल से प्रेरित होकर दोनों छात्रों ने स्कूल परिसर में पौधा लगाकर संकल्प लिया कि वे अब जीवन में कभी भी कुल लिप का नशा नहीं करेंगे। पुलिस ने दोनों छात्रों के इस साहसिक कदम की सराहना करते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
नशा मुक्ति अभियान की अगुवाई कर रहीं महिला एएसआई शिवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, उन्हें दूर करने के लिए नशे को कभी सहारा नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे छिपाने या डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस द्वारा ऐसे युवाओं को हरसंभव मदद और काउंसलिंग उपलब्ध करवाई जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर निशुल्क उपचार के लिए भी सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 8वीं की छात्रा अंजना ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की थीम पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सभी को संदेश दिया। वहीं कक्षा 11वीं की छात्रा आयशा ने फूलों से तैयार किया गया गुलदस्ता पुलिस टीम को भेंट कर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन ने भी नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने दोनों छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि नशे की समस्या को स्वीकार कर उसके खिलाफ पहला कदम उठाना ही बदलाव की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि दोनों छात्रों का स्वयं सामने आना और नशा छोड़ने का संकल्प लेना सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नशे की चपेट में है या कोई व्यक्ति नशे की बिक्री कर रहा है, तो इसकी सूचना पंचकूला पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 7087081100 और 7087081048 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।