जिला पुलिस अधीक्षक ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और अपराध नियंत्रण के दिए सख्त निर्देश
सवाई माधोपुर जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुलिस मुख्यालय, राजस्थान जयपुर द्वारा संचालित अभियानों की प्रगति, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी, समस्त थानाधिकारी, जिला विशेष शाखा के प्रभारी, अपराध सहायक तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पुराने मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, महिला हेल्पडेस्क की सक्रियता तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी पालन पर विशेष जोर दिया। साथ ही आमजन के बीच विश्वास कायम रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक थानाधिकारी को अपने क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी गश्त करने के निर्देश दिए। बैठक में लंबित अनुसंधान एवं अन्य लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर बल देते हुए गंभीर एवं संगीन मामलों में आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने चोरी, नकबजनी, लूट, डकैती, अवैध हथियार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सक्रिय अपराधियों एवं वांछित आरोपियों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिए।