#नालंदा - चंदौरा गांव स्थित देवी स्थान मंदिर परिसर में 48 घंटे के अखंड कीर्तन को लेकर 151 महिला श्रद्धालुओं के द्वारा निकली भव्य कलश शोभायात्रा,
श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह, कल मंगलवार से शुरू होगा अखंड कीर्तन
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा - रहुई प्रखंड क्षेत्र के सुपासंग पंचायत अंतर्गत चंदौरा गांव स्थित देवी स्थान मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले 48 घंटे के अखंड कीर्तन को लेकर सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 151 महिला श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र धारण कर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-झूमते हुए जयकारे लगाते नजर आए।
कलश शोभायात्रा में हरनौत के पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों का उत्साह बढ़ाया। शोभायात्रा में चंदौरा के साथ-साथ इमली बीघा गांव के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण गांव की सड़कें श्रद्धालुओं से पट गईं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्थानीय वेना थाना के दरोगा नवीन कुमार अपने पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
आयोजन से जुड़े डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि चंदौरा और इमली बीघा गांव के सामूहिक सहयोग से चंदौरा गांव स्थित देवी स्थान मंदिर परिसर में तीन दिवसीय धार्मिक एवं भक्ति अनुष्ठान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के पहले दिन सोमवार की सुबह 151 महिला श्रद्धालुओं एवं कन्याओं के द्वारा विधि-विधान के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई।
कलश में पवित्र जल भरने के लिए श्रद्धालु धमौली डीह स्थित एनएच-20 के समीप ब्रह्मा बाबा स्थान मंदिर पहुंचे। आयोजन समिति की ओर से पूर्व में ही बख्तियारपुर स्थित सीढ़ी घाट से गंगाजल लाकर रखा गया था। मंदिर परिसर में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। इसके बाद महिला श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से अपने कलश में गंगाजल भरा।
गंगाजल भरने के बाद श्रद्धालुओं ने कलश को अपने सिर पर धारण किया और भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-झूमते हुए शोभायात्रा की शुरुआत की। शोभायात्रा धमौली बाजार होते हुए चंदौरा गांव पहुंची। इस दौरान रास्ते में श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयकारे लगाए। शोभायात्रा के आगे-आगे श्रद्धालु और आयोजन समिति के सदस्य चलते रहे, जबकि पीछे बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। पूरे गांव का भ्रमण करने के बाद कलश शोभायात्रा देवी स्थान मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलशों को स्थापित किया गया।
डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि गांव में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के साथ समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रहे, इसी उद्देश्य से भक्ति अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन से ग्रामीणों में एकजुटता की भावना मजबूत होती है और नई पीढ़ी को भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
वहीं आयोजन समिति के कार्यकर्ता अमित कुमार ने बताया कि कई वर्षों के बाद चंदौरा और इमली बीघा गांव के लोगों के भरपूर सहयोग से देवी स्थान मंदिर का कायाकल्प कराया गया है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। अखंड कीर्तन को लेकर मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है, जिससे शाम होते ही मंदिर परिसर का नजारा और भी आकर्षक दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि 22 सितंबर मंगलवार से 48 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू होगा। अखंड कीर्तन का शुभारंभ स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार द्वारा फीता काटकर किया जाएगा। इसके बाद लगातार 48 घंटे तक धार्मिक भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। वही
कलश शोभायात्रा के दौरान अविनाश महतो, रौशन कुमार, धनंजय वर्मा, मृत्युंजय कुमार, बुंदेला उर्फ टेनी पासवान, शिशुपाल कुमार, शिक्षिका रंजू देवी, बलराम पासवान, लोहा सिंह, सीताराम पासवान, मंटू कुमार, उदय ठाकुर, संजीव कुमार, अरविंद पासवान, इश्लोक यादव, सुनील कुमार,सुभाष पासवान, नगीना पासवान, ब्रजेश पासवान,राजेश कुमार ,संजय कुमार,बब्बू कुमार, यदुनंदन पासवान, नीतीश कुमार,मनोज कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद थे।
Rahui, Nalanda | Sep 21, 2026