धार जिले के धरमपुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फरसपुरा के ग्राम सादराबाद में सिप्ला फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग एवं बाएफ द्वारा संचालित प्रोजेक्ट जल धारा के अंतर्गत किसानों के लिए उद्यानिकी एवं कृषि आधारित आजीविका विषय पर बुधवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 से अधिक महिला एवं पुरुष किसानों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग धरमपुरी के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी अरविंद तंवर, उद्यान विकास अधिकारी इंद्रसेन पाटीदार, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी कमल मौर्य एवं ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी मुन्नालाल डावर ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं उद्यानिकी गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सब्जी उत्पादन, फूलों की खेती, मसाला उत्पादन एवं प्रसंस्करण, अचार निर्माण, बड़ी-पापड़, लघु उद्योग निर्माण सहित विभिन्न उद्यानिकी एवं मूल्य संवर्धन गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसान उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर अपनी कृषि आय में वृद्धि कर सकते हैं तथा कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के माध्यम से अतिरिक्त आय के अवसर भी विकसित कर सकते हैं। प्रशिक्षण के उपरांत उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों एवं बाएफ टीम द्वारा किसानों के खेतों का भ्रमण भी किया गया।
इस दौरान खेतों में लगी विभिन्न सब्जी फसलों का निरीक्षण कर फसलों में दिखाई देने वाली बीमारियों एवं कीट प्रकोप की पहचान, उनके कारण तथा रोकथाम के उपायों के संबंध में किसानों को व्यावहारिक जानकारी दी गई। किसानों को फसल प्रबंधन एवं समय पर रोग-कीट नियंत्रण के महत्व के बारे में भी समझाया गया।
कार्यक्रम में बाएफ से वरिष्ठ परियोजना अधिकारी ज्ञान सिंह यादव, पुरुषोत्तम मीणा, आयुषी त्रिवेदी तथा ग्रामीण पथप्रदर्शक सुनील भाभर, भीमसिंह डिंडोरे एवं प्रवीण चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसानों की सक्रिय भागीदारी रही।
Jansampark Madhya Pradesh
29 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026