तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला भी आई चपेट में
पुलिसकर्मी और 85 वर्षीय महिला घायल, सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र के भेड़ोला रोड की घटना, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार
सवाई माधोपुर। चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र के भेड़ोला रोड पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक पुलिस कांस्टेबल और करीब 85 वर्षीय महिला घायल हो गए। हादसे में पुलिस कांस्टेबल के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि महिला को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को पुलिस वाहन से चौथ का बरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल सवाई माधोपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार चौथ का बरवाड़ा थाने में तैनात कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार भेड़ोला मार्ग पर लाल माता मंदिर के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर कुछ देर के लिए नीचे उतरे थे। बताया जा रहा है कि जब वह वापस अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से निकली। इसी दौरान कांस्टेबल का पैर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया, जिससे वह घायल हो गए।
हादसे के दौरान सड़क से गुजर रही करीब 85 वर्षीय जुमी पत्नी अलादीन भी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गईं। दुर्घटना में वह भी घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए चौथ का बरवाड़ा सीएचसी पहुंचाया गया।