प्रेस विज्ञप्ति
29 अक्टूबर 2026
शीर्षक: राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जमुई में 'स्टार्टअप बैंक कनेक्ट' कार्यक्रम का सफल आयोजन।
जमुई: राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जमुई के स्टार्टअप सेल द्वारा जिला उद्योग केंद्र, जमुई के सहयोग से आज संस्थान परिसर में 'स्टार्टअप बैंक कनेक्ट' कार्यक्रम का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा छात्रों में उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें अपने नवोन्मेषी विचारों को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक वित्तीय एवं तकनीकी सहायता से जोड़ना था। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, जमुई के महाप्रबंधक सह उद्योग विस्तार पदाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बैंकिंग क्षेत्र से यूको बैंक के सहायक प्रबंधक श्री सुधांशु शेखर, केनरा बैंक के सहायक प्रबंधक श्री राजकमल और इंडियन बैंक के प्रतिनिधि ने विशिष्ट अतिथियों के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए संस्थान के प्राचार्य डॉ. भोपाल कुमार ने छात्रों को संबोधित किया और स्टार्टअप व इनोवेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को लीक से हटकर कुछ नया करने तथा समाज की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एवं श्री शुभम कुमार ने छात्रों को स्टार्टअप फंड सपोर्ट, इंडस्ट्री डेवलपमेंट और सरकार की उद्योग से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी नीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सत्र को आगे बढ़ाते हुए केनरा बैंक के सहायक प्रबंधक श्री राजकमल ने स्टार्टअप्स के लिए बैंकों की विभिन्न ऋण नीतियों और वित्तीय सहायता की प्रक्रियाओं से अवगत कराया, वहीं यूको बैंक के सहायक प्रबंधक श्री सुधांशु शेखर ने भी युवा उद्यमियों को हरसंभव वित्तीय मदद और उचित मार्गदर्शन देने का पूर्ण आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन माध्यम से जुड़ी जानी-मानी फिनटेक कंपनी 'रेजरपे' ने छात्रों को स्टार्टअप्स के लिए डिजिटल भुगतान प्रणाली, फंडिंग और तकनीकी सहायता प्राप्त करने के व्यावहारिक तौर-तरीकों की जानकारी दी। स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज श्री सोनू कुमार ने बताया कि कैसे युवा उद्यमी इनोवेशन और आधुनिक तकनीक की मदद से अपने स्टार्टअप को स्केल-अप कर सकते हैं और बाजार में तीव्र गति से ग्रोथ हासिल कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में स्टार्टअप जिला समन्वयक श्री मिथुन कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, गणमान्य व्यक्तियों और छात्रों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसके साथ ही इस प्रेरणादायक आयोजन का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
Jamui, Bihar | Oct 29, 2026