हरणी महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
भीलवाड़ा :राजाराम जैन
सावन माह के प्रथम सोमवार को शहर के प्रसिद्ध हरणी महादेव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए। मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की गई। वहीं मंदिर प्रशासन और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति के बेहतर समन्वय से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।