नशामुक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुई 52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता, रायत-बाहरा यूनिवर्सिटी ने जीता खिताब
**फाइनल में ऊना की टीम को 2-1 से दी मात, उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित**
**1961 में शुरू हुए प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 8 टीमों ने लिया हिस्सा, युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का दिया संदेश**
**मंडी, 22 नवंबर।** मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित 52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन खेल उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ हुआ। जिला खेल परिषद एवं फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रायत-बाहरा यूनिवर्सिटी, होशियारपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में यूनिवर्सिटी की टीम ने ऊना की टीम को 2-1 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इस बार प्रतियोगिता को प्रदेश सरकार के नशामुक्ति अभियान से जोड़कर आयोजित किया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला खेल परिषद के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर युवा न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश पहुंचा सकते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
उपायुक्त ने कहा कि वर्ष 1961 में शुरू हुए इस फुटबॉल टूर्नामेंट ने समय के साथ कई ऊंचाइयां हासिल की हैं। यह प्रतियोगिता लंबे समय से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर रही है और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की खेलो हिमाचल मुहिम और प्रदेश सरकार के नशामुक्ति अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।