➡️ बुंदेलखंड सागर दुग्ध संघ ने डिजिटल दूध संग्रहण प्रणाली की शुरुआत की
दुग्ध उत्पादकों को पारदर्शी, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में बुंदेलखंड सागर दुग्ध संघ ने मोबाइल आधारित डिजिटल दूध संग्रहण प्रणाली का शुभारंभ किया है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से दूध की फैट एवं एसएनएफ (SNF) की जांच तत्काल की जाएगी तथा उसकी रिपोर्ट दुग्ध उत्पादकों को तुरंत उपलब्ध होगी।
इस प्रणाली के सफल संचालन हेतु 29 जून से 2 जुलाई 2026 तक का क्षेत्रीय कर्मचारियों एवं दुग्ध सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल एप के माध्यम से दूध संग्रहण, गुणवत्ता परीक्षण, डेटा प्रबंधन एवं भुगतान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
दुग्ध संघ सीईओ श्री संजय कुमार यादव द्वारा बताया गया कि नई डिजिटल व्यवस्था से दुग्ध उत्पादकों को दूध की गुणवत्ता के आधार पर पारदर्शी एवं शीघ्र भुगतान सुनिश्चित होगा। साथ ही, संग्रहण प्रक्रिया अधिक सटीक, विश्वसनीय एवं आधुनिक बनेगी, जिससे किसानों का विश्वास और मजबूत होगा।
पायलट परियोजना की सफलता के उपरांत अब इस डिजिटल दूध संग्रहण प्रणाली का विस्तार व्यापक स्तर पर किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक दुग्ध सहकारी समितियों एवं दुग्ध उत्पादकों को इसका लाभ मिल सके। बुंदेलखंड सागर दुग्ध संघ का यह प्रयास दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar