जमुरनी में आस्था का महासंगम, दीनानाथ ब्रह्म जी महोत्सव में उमड़ी श्रद्धा की भीड़, संतान की मन्नत लेकर पहुंचीं सैकड़ों महिलाएं
कैमूर के दुर्गावती प्रखंड के जमुरनी गांव में कार्तिक शुक्ल एकादशी पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दीनानाथ ब्रह्म जी महोत्सव में हरि कीर्तन की गूंज, परिक्रमा की भीड़ और हवन की आहुति से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
कर्मनाशा नदी के तट पर, गांव के उत्तरी छोर पर स्थित दीनानाथ ब्रह्म जी का पवित्र स्थान इस दिन श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। दूर-दराज से आई सैकड़ों महिलाएं संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर पहुंचीं। कई महिलाओं ने बताया कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत जरूर पूरी होती है। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने ब्रह्म जी को वस्त्र अर्पित कर पूजा की।
मान्यता है कि दीनानाथ ब्रह्म जी और पारायण ब्रह्म जी अपनी पत्नियों के साथ करीब पांच एकड़ के बगीचे में समाधिस्थ हुए थे। तभी से यह स्थान आस्था का केंद्र बना हुआ है।
महोत्सव सिर्फ पूजा तक सीमित नहीं रहा। हरि कीर्तन, परिक्रमा और हवन में गांव के बच्चे, बुजुर्ग, महिला और पुरुष सभी ने एक साथ हिस्सा लिया। यह आयोजन गांव की एकता, भाईचारे और पुरानी परंपरा की मिसाल बन गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह महोत्सव आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ता है। श्रद्धा, परंपरा और एकता का यही संगम जमुरनी की पहचान है।
Mohania, Kaimur | Nov 20, 2026