भीड़ में महिला की पुकार सुन ठहर गए मुख्यमंत्री धामी, खुद पहुंचकर सुनी पीड़ा
पति के गंभीर बीमारी से पीड़ित होने और राशन कार्ड व स्थायी निवास प्रमाण पत्र न बनने की बताई समस्या, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संवेदनशील और सहज अंदाज ऋषिकेश दौरे के दौरान देखने को मिला। चंद्रेश्वर नगर स्थित स्वर्ण जयंती पार्क के उद्घाटन कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री भीड़ के बीच से गुजर रहे थे, तभी एक महिला ने आवाज लगाकर उनसे मदद की गुहार लगाई। महिला की आवाज सुनते ही मुख्यमंत्री रुक गए और स्वयं उसके पास पहुंचकर उसकी परेशानी सुनी।
इस दौरान महिला ने भावुक होकर मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पति के दोनों फेफड़े खराब हैं और वह गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण पति का समुचित उपचार नहीं हो पा रहा है। वहीं, स्थायी निवास प्रमाण पत्र और राशन कार्ड नहीं बन पाने के चलते परिवार को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है। महिला ने अपनी बेबसी बयां करते हुए मुख्यमंत्री से परिवार की मदद की गुहार लगाई।
महिला की पीड़ा सुनने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बुलाकर महिला की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने और प्रकरण का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री का यह मानवीय और संवेदनशील व्यवहार कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। भीड़ के बीच से उठी एक महिला की आवाज पर मुख्यमंत्री का खुद उसके पास पहुंचना और उसकी फरियाद सुनना लोगों को प्रभावित कर गया। सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री के इस अंदाज की सराहना हो रही है।