कॉलेज मैदान स्थित पटाखा बाजार का प्रशासन ने किया निरीक्षण
एसडीएम, सीएसपी और वाय.डी. नगर टीआई सहित टीम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश
मंदसौर -: दीपावली पर्व को देखते हुए शहर के कॉलेज मैदान स्थित पटाखा बाजार का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम,, सीएसपी,, वाय.डी. नगर टीआई सहित पूरी टीम मौजूद रही।
अधिकारियों ने पटाखा बाजार में दुकानों की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, पानी की व्यवस्था, दुकानों के बीच की दूरी और सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
*सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर*
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा बाजार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदारों को फायर सेफ्टी के नियमों का पालन करना होगा, दुकानों के पास बालू, पानी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखना होगा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में वाहनों के आवागमन और पार्किंग की व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि दीपावली पर पटाखे चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, बच्चों का विशेष ध्यान रखें और सुरक्षित दीपावली मनाएं।