NEP 2020 एवं विकसित भारत @2047 पर डिजिटल पोस्टर एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित
..
राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 एवं विकसित भारत @2047 के अंतर्गत भारतीय शिक्षा समागम 2026 की थीम “NEP: शिक्षा से विकसित भारत” पर डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति, तकनीकी शिक्षा, डिजिटलाइजेशन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रा. डॉ. बी.डी. अहिरवार द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का तेजी से विस्तार हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को इन तकनीकों का ज्ञान प्राप्त करने के साथ ही उनका उचित, रचनात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल आधारित शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान तथा तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। युवाओं की रचनात्मक सोच, तकनीकी क्षमता और नवाचार की भावना ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण आधार बनेगी।
डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने “2047 में शिक्षा की परिकल्पना” विषय पर अपनी कल्पनाशीलता एवं रचनात्मक सोच को डिजिटल पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। पोस्टरों में भविष्य की शिक्षा व्यवस्था, डिजिटल कक्षाओं, आधुनिक तकनीक, AI आधारित शिक्षण, कौशल विकास तथा शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसी क्रम में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्राओं ने शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रयोग विषय पर पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने AI के माध्यम से शिक्षा में आने वाले संभावित बदलावों, इसके लाभ, चुनौतियों तथा इसके जिम्मेदार उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं में तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल एवं समसामयिक तकनीकी विषयों की समझ विकसित करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में डॉ. सीमा चक्रवर्ती का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. राजुला अल्बर्ट, श्री राम आशीष यादव, प्रो. ऋचा शर्मा, प्रो. नीतू दांगी, डॉ. ब्रिज किशोर गुप्ता, कु. अभिलाषा साहू, कु. अरुणा शर्मा, कु. सोनम साहू, श्री गजेंद्र राजपूत, डॉ. विजय चक्रवर्ती एवं डॉ. कौसर अमीन ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, डिजिटल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया। छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। #vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026