रबी सीजन में किसानों को सिंचाई हेतु अनवरत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें - कमिश्नर श्री दिलीप कुमार
==
परियोजनाओं हेतु लंबित भू-अर्जन के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर मुआवजा वितरित करें - कमिश्नर श्री दिलीप कुमार
====
कमिश्नर सागर संभाग श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में कमिश्नर कार्यालय सभाकक्ष में संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संसाधन विभाग, म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी, ऊर्जा विकास निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम के कार्यों की जिलेवार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने कहा कि रबी सीजन में किसानों को सिंचाई हेतु अनवरत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए खराब ट्रांसफार्मरों की जानकारी मांगी एवं उन्हें तत्काल बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभाग में पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध रहें तथा संभाग की समस्त जिला पंचायतों में ट्रांसफार्मर की मॉनिटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। औसत विद्युत प्रवाह की जानकारी मांगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई हेतु थ्री-फेस अनवरत विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए। नवीन सब स्टेशन, फीडर एवं विस्तार लाइनों की समीक्षा कर कहा कि रबी सीजन को देखते हुए विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जल प्रदाय परियोजनाओं में गति लाने के निर्देश
कमिश्नर ने जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जलप्रदाय परियोजनाओं की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जल प्रदाय परियोजनाओं में गति लाई जाए तथा 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिन गांवों में जल प्रदाय परियोजना से जल नहीं पहुंच पा रहा है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए। मोटर पंप मरम्मत का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कर बंद पड़ी जल प्रदाय परियोजनाओं को शीघ्र शुरू किया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की वजह से बंद जल परियोजनाओं की जानकारी मांगी तथा काम न करने वाले ठेकेदारों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
भू-अर्जन प्रकरणों के निराकरण के निर्देश
कमिश्नर ने जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित सिंचाई परियोजनाओं की जिलेवार समीक्षा की। सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण कार्य, जल की उपलब्धता एवं सिंचाई क्षमता की समीक्षा की। उन्होंने सिंचाई परियोजना के तहत लंबित भू-अर्जन के प्रकरणों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि भू-अर्जन के प्रकरणों को शीघ्रता से निराकृत कर मुआवजा वितरित किया जाए तथा सिंचाई परियोजनाओं में लंबित भुगतान की सूची प्रस्तुत की जाए।
बैठक में ऊर्जा विकास निगम द्वारा संचालित कुसुम परियोजना, प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना एवं पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य अभियंता, जल संसाधन विभाग, सागर संभाग, मुख्य अभियंता, म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी, सागर संभाग, जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी, ऊर्जा विकास निगम, अधीक्षण यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सागर संभाग, महाप्रबंधक, जल निगम (समस्त), सागर संभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Damoh, Madhya Pradesh | Oct 22, 2026