सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में सुधार लाएं अधिकारी- कलेक्टर
कलेक्टर ने समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए जिले की सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएं।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित किये जा रहे हैं विभिन्न गतिविधियों की कलेक्टर द्वारा समीक्षा की गई। उन्होंने अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गतिविधियों के फोटो, वीडियो पोर्टल पर अपलोड कराई जाए। सेवा की कहानियां विभागों द्वारा तैयार कराई जाकर पोर्टल पर अपलोड कराई जाएं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी शिविर में हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों का चिन्हांकन कर अधिक से अधिक लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। शिविर दिवस पर अधिकारियों द्वारा शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण कर निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए ।
सेवा सेतु अभियान का आयोजन 03 एवं 04 अक्टूबर को
शासन के निर्देशानुसार सेवा सेतु अभियान का आयोजन ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में 03 एवं 04 अक्टूबर 2026 को जिले में किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर हितग्राही को लाभान्वित किया जाए। साथ ही विभागों के माध्यम से सरकार आपके द्वार के माध्यम से सेवाएं प्रदान की जाएंगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय पुरानी गल्ला मंडी में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सेवा सेतु अभियान शिविर के आयोजन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।
सेवा मेरा योगदान अभियान 2 अक्टूबर से
--
सेवा मेरा योगदान अभियान आगामी 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण तथा स्वच्छता ही सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही शासन के निर्देशानुसार विभिन्न गतिविधियों योग एवं ध्यान सत्र, साइबर सुरक्षा जागरूकता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, नशा मुक्त भारत जागरूकता,वोकल फॉर लोकल सहयोग कार्यक्रम का आयोजन इस दौरान किया जाएगा।
बैठक में केन्द्रीय मंत्री की जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति,समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा,आंगन मिलन कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश कुमार जैन,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,श्रीमती सोनम जैन,श्री विकास कुमार आनंद सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
#ashoknagar