दुर्गा पूजा में शांति व्यवस्था के लिए आगे आए ग्राम रक्षा दल के सदस्य, गांवों में कर रहे श्रमदान
प्रशिक्षण के बाद चौक-चौराहों और पूजा पंडालों में दे रहे सेवा, आधिकारिक आदेश का अब भी इंतजार
नौहट्टा। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग देने के उद्देश्य से नौहट्टा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में ग्राम रक्षा दल के सदस्य श्रमदान कर रहे हैं। बिहार राज्य ग्राम रक्षा दल महासंघ के बैनर तले सदस्य अपने-अपने गांवों की गलियों, चौक-चौराहों और दुर्गा पूजा पंडालों में सेवा दे रहे हैं।
ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने हाल ही में प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण पूरा कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। इसके बाद त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने के लिए उन्होंने स्वेच्छा से पहल की है। सदस्यों का कहना है कि उन्होंने प्रशासन से आवेदन देकर पर्व के दौरान श्रमदान के माध्यम से सेवा करने की अनुमति मांगी है।
हालांकि, अब तक उनके श्रमदान को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। इसके बावजूद सदस्य अपने स्तर से सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर ऐसे स्वयंसेवकों की सक्रियता से भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन को मदद मिल सकती है।
मामले में उप प्रमुख रविन्द्र राम ने बताया कि अभी तक सेवा देने के लिए विभागीय कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। लेकिन स्वयंसेवक अगर स्वेक्षा से श्रमदान कर रहे है तो यह खुशी की बात है। इस तरह के सेवा दान से गांवों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगा ।
ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांग पर सकारात्मक पहल करेगा, ताकि वे व्यवस्थित तरीके से त्योहार के दौरान अपनी सेवाएं दे सकें।
अपना रोहतास | जनहित की खबर, आपके गांव से
#अपना_रोहतास #नौहट्टा #रोहतास #ग्राम_रक्षा_दल #बिहार_राज्य_ग्राम_रक्षा_दल_महासंघ #दुर्गा_पूजा #शारदीय_नवरात्र #शांति_व्यवस्था #जनसेवा #श्रमदान #ग्रामीण_सुरक्षा #रोहतास_न्यूज #BiharNews #RohtasNews
Nauhatta, Rohtas | Oct 15, 2026