बस्ती। लोक आस्था के महापर्व छठ पर जहां श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं, वहीं कुछ लोग श्रद्धालुओं की सेवा को ही अपना धर्म मानकर वर्षों से इस परंपरा को निभा रहे हैं। ऐसे ही एक नाम हैं मनमोहन श्रीवास्तव 'काजू', जो लगातार 19 वर्षों से अमहट घाट पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को निःस्वार्थ भाव से निःशुल्क चाय वितरित करते आ रहे हैं।
छठ माता के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का ही परिणाम है कि मनमोहन श्रीवास्तव 'काजू' ने सेवा के इस क्रम को कभी टूटने नहीं दिया। इस वर्ष भी उनके द्वारा अमहट घाट पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय वितरण की व्यवस्था की गई। सुबह से लेकर देर तक चलने वाली इस सेवा के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को चाय उपलब्ध कराई गई। मनमोहन श्रीवास्तव 'काजू' समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ-साथ वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जीएसटी अधिवक्ता भी हैं। विधानसभा क्षेत्र 310 बस्ती सदर से चुनाव लड़ने की उनकी प्रबल इच्छा भी चर्चा में है। हालांकि, इन तमाम राजनीतिक और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच छठ महापर्व पर उनकी 19 वर्षों से जारी सेवा एक अलग पहचान रखती है।
मनमोहन श्रीवास्तव 'काजू' ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, श्रद्धा, समर्पण और लोक आस्था का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। छठ माता की कृपा और आशीर्वाद से यह सेवा पिछले 19 वर्षों से अनवरत जारी है और भविष्य में भी इसी श्रद्धा एवं समर्पण के साथ जारी रहेगी।
अमहट घाट पर उनकी यह निःशुल्क चाय सेवा अब छठ महापर्व की एक प्रेरणादायी परंपरा बन चुकी है। 19 वर्षों से लगातार जारी यह पहल बताती है कि समाज में सेवा और समर्पण की भावना ही किसी व्यक्ति की अलग पहचान बनाती है।
Basti, Basti | Nov 15, 2026