#बालाघाट
टीएल बैठक में कलेक्टर ने की समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा
23 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने विभिन्न विभागों के समय-सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, श्री डी.पी. बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जर्जर स्कूल भवनों में कक्षाएं न लगाने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने जिला शिक्षा अधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को सख्त निर्देश दिए कि जिले के किसी भी जर्जर शाला भवन में कक्षाएं संचालित नहीं की जाएं। उन्होंने इस संबंध में प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि वर्षा ऋतु में किसी विद्यालय की छत से पानी टपकने या दीवारों का प्लास्टर गिरने जैसी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री मीना ने उपसंचालक कृषि को एपीसी बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
बिजली सुरक्षा एवं सोलर ऊर्जा को बढ़ावा
बैठक में विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री को निर्देशित किया गया कि जिले में कहीं भी बिजली के झूलते या लटकते तार नहीं रहने चाहिए, जिनसे दुर्घटना की आशंका हो। ऐसे तारों का सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अक्षय ऊर्जा अधिकारी एवं विद्युत विभाग को अधिक से अधिक शासकीय भवनों में सोलर पैनल लगाने के लिए अनुबंध प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि 24 भवनों में अनुबंध हो चुका है तथा दो दिनों में आठ और भवनों को शामिल किया जाएगा।
वन पट्टाधारक किसानों को मिले सभी सुविधाएं
कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ को निर्देशित किया कि वन पट्टाधारक किसानों को खरीफ फसलों के लिए बीज एवं खाद उपलब्ध कराई जाए तथा सभी पात्र किसानों के केसीसी कार्ड बनाए जाएं। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देश दिए गए कि आहार अनुदान योजना के अंतर्गत सभी पात्र बैगा महिलाओं को समय पर लाभ मिले। कोई भी पात्र हितग्राही योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवा को निर्देशित किया गया कि कामधेनु योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पशुपालकों के प्रकरण तैयार कर उन्हें बैंक से ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
आंगनवाड़ी केंद्रों में तकनीक आधारित शिक्षा पर बल
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में उपलब्ध एलईडी टीवी के माध्यम से बच्चों को शिक्षा एवं ज्ञानवर्धक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशिक्षित करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रसूति सहायता योजना एवं जननी सुरक्षा योजना के लंबित प्रकरणों का त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि इन योजनाओं के मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत प्राचीन पांडुलिपियों एवं दस्तावेजों का संकलन कर उनके डिजिटलीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
संबल योजना एवं बीमा योजनाओं की समीक्षा
श्रम पदाधिकारी, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने पर बल दिया गया।
बैठक में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो निरोधक दवा से वंचित न रहे। अभियान में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी मामलों पर सख्ती
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi #mp_wcdmp #healthminmp