#बालाघाट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ ‘आदिरंग शिल्पकार महोत्सव 2026’ का समापन समारोह
जनजातीय कार्य विभाग एवं राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी) भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘आदिरंग शिल्पकार महोत्सव 2026’ का भव्य समापन समारोह 23 जून को भोपाल स्थित राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी), अचारपुरा, ईंटखेड़ी परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय कलाकारों द्वारा निर्मित पारंपरिक शिल्प एवं कलाकृतियों को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना, उन्हें डिज़ाइन नवाचार, प्रशिक्षण तथा विपणन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विशिष्ट आतिथ्य में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह शामिल हुए। इस अवसर पर डॉ. विद्या राकेश, प्रबंध निदेशक एनआईडी, रामलाल रौतेल, अध्यक्ष मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग, भगत सिंह नेताम, सदस्य मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग, मंगल सिंह धुर्वे, सदस्य मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग, विष्णु खत्री, विधायक बेरसिया, जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा तथा कमिश्नर तरुण राठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जनजातीय कलाकार उपस्थित रहे।
समारोह में जनजातीय कलाकारों द्वारा तैयार की गई उत्कृष्ट कलाकृतियों और शिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने कलाकारों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत मध्यप्रदेश की अमूल्य धरोहर है। सरकार कलाकारों को प्रशिक्षण, विपणन एवं आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनके उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनजातीय शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी शिल्पकारों को सम्मानित किया गया तथा कार्यशाला के माध्यम से प्राप्त अनुभवों और उपलब्धियों को साझा किया गया। महोत्सव ने जनजातीय कला एवं शिल्प को नई पहचान देने के साथ कलाकारों को व्यापक मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
#CMMadhyaPradesh #WelfareTribal #minculturemp
#JansamparkMP
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 23, 2026