बहराल में खेल मैदान निर्माण की मांग, खेल मंत्री यादविंदर गोमा को सौंपा मांग-पत्र
देशआदेश
पांवटा साहिब। ग्राम पंचायत बहराल में बच्चों और युवाओं के लिए उचित खेल मैदान उपलब्ध करवाने की मांग उठी है। इस संबंध में बहराल स्पोर्ट्स क्लब की ओर से हिमाचल प्रदेश के खेल मंत्री यादविंदर गोमा को मांग-पत्र भेजकर पंचायत में उपलब्ध सरकारी भूमि पर खेल मैदान बनाने के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग की गई है।
क्लब ने मांग-पत्र में कहा कि बहराल क्षेत्र में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में बच्चों और युवाओं की रुचि है, लेकिन उचित खेल मैदान और खेल सुविधाएं न होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि गांव में सुविधायुक्त खेल मैदान बनने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा सकेगा। सरकारी भूमि का उपयोग खेल मैदान के निर्माण के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने खेल मंत्री से मैदान निर्माण के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत करने के साथ मैदान में जरूरत के अनुसार खेल सुविधाएं विकसित करवाने की मांग की है।
मांग-पत्र पर बहराल स्पोर्ट्स क्लब के चेयरमैन जसविंदर सिंह बिलिंग, अध्यक्ष मनमिंदर सिंह मान और सचिव आकाश चौधरी के हस्ताक्षर हैं। क्लब ने उम्मीद जताई कि सरकार के सहयोग से बहराल के बच्चों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।