धान की क्रॉप कटिंग करने खेत में उतरे डीएम, एक डिसमिल में मिला महज 11.54 किलो उत्पादन
#देवरिया। जिले में धान की वास्तविक पैदावार का आकलन करने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी खुद खेत में पहुंचे। सदर तहसील के परसिया भंडारी गांव में किसान कृष्ण मोहन के खेत में डीएम ने धान की क्रॉप कटिंग कराई और उत्पादन की स्थिति परखी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं धान की फसल काटी। इसके बाद मौके पर ही फसल की मड़ाई कराकर उपज का वजन कराया गया। वजन में एक डिसमिल क्षेत्रफल में महज 11.54 किलोग्राम धान की पैदावार सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, खेत में धान की रोपाई निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं होने के कारण उत्पादन कम पाया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से जिले की वास्तविक औसत उत्पादकता का आंकड़ा तैयार किया जाएगा। इसके लिए सभी तहसीलों में यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने किसानों से धान बेचने के लिए पंजीकरण कराने और सरकारी क्रय केंद्रों पर ही उपज बेचने की अपील की, ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ मिल सके।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Nov 7, 2026