जिला पदाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर का किया निरीक्षण, मरीजों से लिया सीधा फीडबैक, खुद कराई स्वास्थ्य जांच।
जमुई: जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों तक प्रत्येक नागरिक को सुलभ, पारदर्शी एवं उच्च स्तरीय चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य तंत्र को निरंतर सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन जमुई पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार पूरे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रशासनिक तत्परता को परखने हेतु एक विशेष एवं व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। आज शैक्षणिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु विद्यालय निरीक्षण के क्रम में निकले जिले के तमाम वरीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अपने-अपने संबद्ध प्रखंडों के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पतालों की साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं तथा पैथोलॉजी लैब की कार्यप्रणाली का सघन जायजा लिया।
इस अभियान का नेतृत्व करते हुए स्वयं जिला पदाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के प्रत्येक वार्ड, ओपीडी, जांच घर,तथा दवा वितरण कक्ष का बारीकी से अवलोकन करते हुए सभी उपकरणों की क्रियाशीलता को देखा। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने परिसर में संचालित मुफ्त जांच सुविधा केंद्र में स्वयं की भी स्वास्थ्य जांच करवाकर व्यवस्थाओं की धरातलीय स्थिति को परखा।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपचाराधीन मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर चिकित्सीय सुविधाओं, निःशुल्क दवाओं एवं समयबद्धता का धरातलीय फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशीलता, तत्परता एवं सेवा-भाव से व्यवहार करते हुए बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिला प्रशासन का यह एकीकृत प्रयास स्पष्ट करता है कि जिले में स्वास्थ्य अवसंरचना को आधुनिक बनाने, दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा पहुंचाने और जन-जन के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में ठोस एवं परिणामकारी कदम निरंतर उठाए जा रहे हैं।
Khaira, Jamui | Sep 10, 2026