सीएम योगी पहुंचे बरपार गांव, पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को दी श्रद्धांजलि, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
देवरिया। पूर्व सांसद एवं भारतीय थल सेना के पूर्व उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे और दिवंगत पूर्व सांसद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
पूर्व सांसद के अंतिम दर्शन के लिए बरपार गांव में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंच रहे हैं।
बता दें कि लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वह देवरिया के वर्तमान भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के पिता थे। उनके निधन को जिले के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद का अंतिम संस्कार बरहज स्थित सरयू नदी के तट पर किया जाएगा। उनके निधन से पूरे देवरिया में शोक का माहौल है।
Deoria, Deoria | Nov 9, 2026