*विशेष मध्यस्थता अभियान 3.0 : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला द्वारा जागरूकता अभियान शुरू*
Bushahr Today TV
शिमला, 10 सितम्बर। माननीय मुख्य न्यायाधीश, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय एवं मुख्य संरक्षक, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में प्रदेश भर में "मीडिएशन फॉर द नेशन 3.0" के तहत विशेष मध्यस्थता अभियान 3.0 चलाया जा रहा है। इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के सचिव उमेश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला में इस अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है।
उमेश वर्मा ने बताया कि गत 13 अगस्त 2026 को माननीय मुख्य न्यायाधीश एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस अभियान की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय हेतु राज्य, उच्च न्यायालय, जिला तथा उप-मंडल स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिला एवं सत्र न्यायाधीश को संबंधित सिविल एवं सत्र मंडल में इस अभियान का प्रभारी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी न्यायिक अधिकारियों को उपयुक्त मामलों की पहचान कर उन्हें मध्यस्थता हेतु रैफर करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा ऐसे मामलों को कॉज़ लिस्ट में "मध्यस्थता के लिए रैफरल - मीडिएशन फॉर द नेशन 3.0" शीर्षक के अंतर्गत अलग से दर्शाया जाएगा। साथ ही बार एसोसिएशनों, अधिवक्ताओं तथा बीमा कंपनियों एवं वित्तीय संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ताओं को भी उपयुक्त मामले चिन्हित कर मध्यस्थता के माध्यम से निपटारे हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला ने आमजन, अधिवक्ताओं तथा वादकारियों से अपील की कि वे लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र निपटारे हेतु मध्यस्थता प्रक्रिया का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक अधिक से अधिक मामलों की पहचान एवं रैफरल सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि इस अभियान को सफल बनाया जा सके।
Rampur, Shimla | Sep 10, 2026