मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस पर लाडवा विधानसभा के 63 गांवों को 13.23 करोड़ रुपए की दी सौगात
लाडवा मेरा केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, मेरा अपना घर है, इसकी तरक्की की रफ्तार कभी थमने नहीं दूंगा:नायब सिंह सैनी
3 गौशालाओं को 34.53 लाख के चैक किए वितरित,दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन, भाई दूज और छठ पर्व की शुभकामनाएं, कार्यकर्ताओं के योगदान को किया नमन,हरियाणा की हीरक जयंती को विकास के संकल्प वर्ष के रूप में मनाएगी राज्य सरकार
लाडवा 6 नवंबर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर और परिवार है। लाडवा के लोगों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे उन्होंने हमेशा अपना सौभाग्य माना है। क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद उनकी ताकत है और लाडवा की तरक्की उनकी जिम्मेदारी है। उनका संकल्प है कि लाडवा के विकास की रफ्तार कभी थमने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को लाडवा में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में क्षेत्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपाध्यक्षा सुमन सैनी, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, प्रभारी कैलाश सैनी सहित उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं और कार्यकर्ताओं को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस पर लाडवा विधानसभा के 63 गांवों को 13.23 करोड़ रुपए की सौगात दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीपोत्सव का पर्व हमें पांच अलग-अलग संदेश देता है। धनतेरस आरोग्य और धन-धान्य का प्रतीक है, दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का पर्व है, गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और अन्नदाता के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती है, जबकि भाई दूज रिश्तों में मिठास और प्रेम बढ़ाने का पर्व है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो और हर परिवार में खुशहाली आए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश के लाखों परिवारों को बड़ी सौगात देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाखों लाभार्थियों और पंचायती राज संस्थाओं व नगरपालिकाओं के बैंक खातों में सीधे 4,470 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री कृष्ण गौशाला समिति लाडवा को लगभग 7.34 लाख, अखंड गौशाला मथाना को लगभग 7.63 लाख रुपए और मथाना गोवंश धाम एवं अनुसंधान संस्थान लगभग 19.56 लाख रुपए का चेक वितरित किया। इसके अलावा गांवों के विकास के लिए पंचायतों को 1,158 करोड़ रुपये की किस्त जारी, स्थानीय निकायों को 1,727.80 करोड़ रुपये जारी किए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा के लोगों ने हमेशा प्रेम, भाईचारे और अपने पन की भावना से एक-दूसरे का साथ दिया है। धन-दौलत तिजोरी में रहती है, लेकिन असली पूंजी इंसान के दिलों में बसती है। हमें त्योहारों पर उन लोगों की खुशियों का भी ध्यान रखना चाहिए, जो किसी परेशानी से गुजर रहे हैं। किसी बुजुर्ग का हाल पूछना, जरूरतमंद पड़ोसी की मदद करना और बच्चों तथा युवाओं को आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना ही सच्चे समाज धर्म का परिचायक है। उन्होंने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की स्मृति का पर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि नेतृत्व अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य, त्याग और जनसेवा का नाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का सपना साकार हुआ है। जिस प्रकार भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीप जलाकर खुशियां मनाई गई थीं, उसी प्रकार आज पूरा देश गौरव और श्रद्धा के साथ दीपोत्सव मना रहा है। उन्होंने सभी से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में मर्यादा, करुणा और सद्भाव का प्रकाश फैलाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली मिलन समारोह अपने लोगों से मिलने, पुरानी यादें साझा करने और भविष्य की राह तय करने का अवसर है। राजनीति में पद से बड़ा जनता का भरोसा होता है और यह भरोसा सेवा, समर्पण तथा सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहने से अर्जित होता है। उन्होंने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत करके घर-घर तक पहुंच बनाई और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया है। वे प्रत्येक कार्यकर्ता को हृदय से नमन करते हैं। हरियाणा ने 1 नवंबर को अपने गौरवशाली 60 वर्ष पूरे किए हैं। प्रदेश की हीरक जयंती को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे विकास के संकल्प वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। जिस प्रकार दीपावली पर हम अपने घरों को सजाते और संवारते हैं, उसी प्रकार सभी मिलकर अपने लाडवा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हर हाथ को अवसर, हर व्यक्ति को सम्मान और हर नागरिक को राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य में भागीदारी देना है। विकसित भारत के निर्माण में लाडवा भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ योगदान देगा। विकास केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ प्रत्येक परिवार के जीवन में दिखाई देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि मां लक्ष्मी सभी के घरों में वैभव लाएं, भगवान श्रीराम के आदर्श सभी को मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा किसानों, युवाओं तथा प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे। इस मौके पर
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मुख्यमंत्री के एडीसी महेंद्र सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, चेयरमैन गुरनाम सैनी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, नगरपालिका चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मार्किट कमेटी चेयरमैन डा. गणेश दत्त, चेयरमैन प्रवीण चौधरी,मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र दबखेडी, मंडल अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, प्रधान जितेन्द्र खैरा, नायब सिंह पटाक माजरा, सतबीर मंगौली, सन्नी कालडा, पूनम सैनी आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।