नल-जल योजना में गड़बड़ी से वार्डों में पेयजल संकट, PHED की लापरवाही से जनता परेशान।
रफीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना की व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सह चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. गुलाम शाहिद ने PHED विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि PHED औरंगाबाद द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 4 एवं 13 से 16 में नल-जल योजना के तहत पाइप बिछाई गई है। इसी क्रम में पिछले करीब 13-14 दिनों से वार्ड नंबर 13 स्थित चलनी गोदाम के पास पाइप फटने से पानी का लगातार रिसाव हो रहा है। पाइप फटने के कारण जमीन से करीब 2-3 फीट ऊपर तक पानी का फव्वारा निकल रहा है, जिससे हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पाइप में लीकेज के कारण वार्ड संख्या 13, 14, 15 और 16 में पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में अब तक नल कनेक्शन भी नहीं दिया गया है।
डॉ. गुलाम शाहिद ने बताया कि समस्या को लेकर PHED के कार्यपालक अभियंता समेत संबंधित अधिकारियों को कई बार पत्र के माध्यम से सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि दिशा की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया गया था, जहां चेयरमैन द्वारा सांसद, जिलाधिकारी और विधायक की मौजूदगी में पत्र सौंपकर समस्या से अवगत कराया गया था।
उन्होंने बताया कि पेयजल संकट को देखते हुए नगर पंचायत को जगह-जगह टैंकर भेजकर लोगों को पानी उपलब्ध कराना पड़ रहा है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है।
उन्होंने सरकार और PHED विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द पाइप की मरम्मत कराई जाए और सभी वार्डों में नियमित एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।