जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
लंबित शिकायतों पर अधिकारियों से मांगा जवाब, शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
--------
--------
प्रति मंगलवार की भांति कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में कलेक्टर ने पूर्व में आवेदन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों से कारण पूछा। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों में अनावश्यक देरी न की जाए और प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए आवेदकों को राहत पहुंचाई जाए।
जनसुनवाई में ग्राम कोड़ी के टपरा पिपलई राजनवाड़ी निवासी अनझर, नफीस, सलीम सहित अन्य ग्रामीणों ने विद्युत समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनके टपरों तक विद्युत खंभे तो खड़े कर दिए गए हैं, लेकिन अब तक तार नहीं डाले जाने से बिजली नहीं पहुंच पाई है। इसके कारण ग्रामीणों को अंधेरे में जीवनयापन करना पड़ रहा है और रात के समय जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा बना रहता है। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एमपीईबी के एसई को आवश्यक कार्रवाई कर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम बागोद के आदिवासी मोहल्ले से जनसुनवाई में आईं लक्ष्मी बाई, शांता बाई, चंदा बाई सहित अन्य महिलाओं ने पेयजल की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गांव में नल-जल योजना के अंतर्गत लगभग तीन-चार वर्ष पहले पानी की टंकी का निर्माण हो चुका है, लेकिन अब तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। इसके कारण महिलाओं और ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को स्वयं प्रकरण का परीक्षण कर पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
गैरतगंज तहसील के ग्राम बनखेड़ी निवासी मनमोहन शर्मा ने अपनी कृषि भूमि पर वास्तविक एवं वैधानिक कब्जा दिलाने तथा रास्ते से संबंधित लंबित प्रकरण के निराकरण के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि भूमि संबंधी प्रकरण में धारा 250 के तहत अंतिम आदेश पारित होने के बावजूद अब तक कब्जा नहीं दिलाया गया है। साथ ही एसडीएम न्यायालय में चल रहा प्रकरण लगभग चार माह से लंबित है। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसडीएम गैरतगंज से प्रकरण की स्थिति और विलंब के कारणों की जानकारी ली तथा मामले में शीघ्र अंतिम निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अपनी समस्या लेकर आने वाले नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिले। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंडों से एसडीएम, जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा जनसुनवाई में उपस्थित रहे।
#जनसुनवाई #Raisen CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen
Raisen, Madhya Pradesh | Nov 10, 2026