सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उन्हेल का किया औचक निरीक्षण
---
स्वास्थ्य सेवाओं में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने एवं पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने के दिए निर्देश
---
उज्जैन, 17 अक्टूबर 2026/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला उज्जैन डॉ. विक्रम रघुवंशी द्वारा शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उन्हेल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव संबंधी जानकारी के ऑनलाइन अपडेशन, पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं उचित प्रबंधन तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए । उन्होंने निर्देशित किया कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी रखते हुए उन्हें आवश्यक जांच, उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, सुरक्षित प्रसव एवं संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था, आवश्यक अभिलेखों के संधारण एवं अपडेट, ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी की प्रविष्टि तथा विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की शत प्रतिशत प्रगति हेतु निर्देश दिए । उन्होंने निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखे जाएं तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी समय पर ऑनलाइन दर्ज की जाए।
सीएमएचओ ने निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचाया जाए। आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित सभी निर्धारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करे l
इस अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. संजीव कुमरावत सहित स्वास्थ्य केंद्र का अन्य स्टाफ उपस्थित थे l
Collector Office Ujjain
CM&HO Office Ujjain
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Umaria, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026