सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने किया औचक निरीक्षण
---
उज्जैन, 17 अक्टूबर 2026/ सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन, डॉ. विक्रम रघुवंशी द्वारा जीवाजीगंज स्थित निर्माणाधीन 50 बिस्तरीय अस्पताल तथा रामघाट क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने जीवाजीगंज में निर्माणाधीन 50 बिस्तरीय अस्पताल के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें, ताकि अस्पताल का संचालन प्रारंभ होने पर आमजन एवं श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके पश्चात डॉ. रघुवंशी ने रामघाट क्षेत्र का निरीक्षण कर सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित 6 बिस्तरीय अस्पताल के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार, अस्पतालों की उपलब्धता तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर, सुलभ और समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला राहवीर नोडल अधिकारी डॉ. शिव मेन्या, उपयंत्री श्रीमती नेहा निर्मल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM&HO Office Ujjain Collector Office Ujjain
Ujjain Commissioner CM Madhya Pradesh