देव में कार्तिक छठ मेला की तैयारी तेज, डीएम और एसपी ने किया देव सूर्य मंदिर का निरीक्षण।
औरंगाबाद के देव में कार्तिक छठ मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM-SP ने सूर्य मंदिर, सूर्यकुंड और रुद्रकुंड का किया स्थलीय निरीक्षण।
देव कार्तिक छठ मेला-2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने देव सूर्य मंदिर परिसर, सूर्यकुंड एवं रुद्रकुंड का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना था।
DM और SP ने सबसे पहले देव सूर्य मंदिर के मुख्य प्रवेश और निकास द्वार की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित मार्गों को पूरी तरह सुव्यवस्थित रखा जाए, ताकि भीड़ के दबाव को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा जांच और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था समय से पहले पूरी करने पर जोर दिया गया।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सूर्यकुंड और रुद्रकुंड का निरीक्षण किया। दोनों तालाबों की साफ-सफाई, जल की स्वच्छता, घाटों की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। DM ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दोनों कुंडों और आसपास के क्षेत्रों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और स्नान व पूजा के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का पालन हो।
भीड़ प्रबंधन को लेकर DM ने कहा कि सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे, बैरिकेडिंग प्रभावी हो और पुलिस पदाधिकारी सतत निगरानी रखें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी कर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
इसके साथ ही मंदिर परिसर, कुंडों और मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय-सीमा के भीतर दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। DM ने कहा कि देव कार्तिक छठ मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, सदर एसडीएम गौरव सिंह, डीटीओ सुनंदा कुमारी, डीपीआरओ श्वेता प्रियदर्शी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।