बच्चों ने कैनवास पर उकेरे सपनों के भारत के रंग, मंत्री राजेश नागर ने विजेताओं को किया सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेक्टर-105 स्थित सरस्वती ग्लोबल स्कूल में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की अपनी कल्पनाओं को कैनवास पर उतारा।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य के भारत के निर्माता हैं। उन्हें बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों को ऐसा भारत बनाने का सपना देखना चाहिए, जो विकसित, आत्मनिर्भर, सशक्त और संस्कारों से समृद्ध हो।
प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में आयोजित किया गया। तीसरी से पांचवीं कक्षा के वर्ग में रिद्धिमान ने प्रथम, आराध्या ने द्वितीय और ओजस्वी ने तृतीय स्थान हासिल किया। छठी से आठवीं कक्षा के वर्ग में यशिका प्रथम, द्रोण द्वितीय और तन्वी तृतीय स्थान पर रहीं। नौवीं से बारहवीं कक्षा के वर्ग में श्रेया ने प्रथम, भूमि ने द्वितीय और कन्हैया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों में आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वच्छता, देशभक्ति और विकास जैसे विषयों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया। स्कूल प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
इस अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष वाईके माहेश्वरी, वाइस चेयरमैन अनुभव माहेश्वरी, प्राचार्य मंजुल माहेश्वरी, शैक्षणिक इंचार्ज फिलोमिना और तिगांव के सरपंच विक्रम प्रताप नागर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।