मऊ के हैंडबॉल खिलाड़ी सुनील कुमार को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन, बने मुख्य आरक्षी
ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर मिला प्रमोशन, एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने मेडल पहनाकर किया सम्मानित
मऊ। खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मऊ जनपद में तैनात आरक्षी सुनील कुमार को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है। हैंडबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल करने पर उन्हें आरक्षी से मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने पुलिस कार्यालय में उन्हें मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार ने 19 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सिलीगुड़ी में आयोजित ‘2nd All India Police Handball Cluster 2025-26’ की पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। इस प्रतियोगिता में उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। उनके इस प्रदर्शन से प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ा।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने के बाद सुनील कुमार को ‘बिना पारी प्रोन्नति नियमावली’ के अंतर्गत आरक्षी से मुख्य आरक्षी के पद पर आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान किया गया। यह पदोन्नति खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के सम्मान के रूप में दी गई है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को मेडल पहनाया और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने खिलाड़ी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सुनील कुमार की इस उपलब्धि को पुलिस विभाग में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनकी सफलता से अन्य पुलिसकर्मियों को भी खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने और विभाग का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलेगी।