Public App Logo
कुरवाई में वाहनों की सघन चेकिंग, 15 वाहनों पर चालानी कार्रवाई .. स्कूली विद्यार्थियों को यात्री बसों के किराए में मिलेगी 50 प्रतिशत छूट .. कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशों के पालन में जिले में यातायात एवं परिवहन नियमों के प्रभावी पालन तथा यात्रियों एवं स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा के नेतृत्व में सोमवार को कुरवाई में वाहनों की सघन चेकिंग कार्यवाही की गई। जिला परिवहन अधिकारी द्वारा की गई जांच के दौरान कुल 15 वाहन नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए। इन वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 12 वाहनों से शमन शुल्क के रूप में 45,500 रुपये तथा मोटरयान कर के रूप में 21,657 रुपये, इस प्रकार कुल 67,157 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। वहीं, शेष 3 वाहनों को प्रकरणों के निराकरण की प्रत्याशा में जप्त कर पुलिस थाना कुरवाई में सुरक्षार्थ रखा गया है। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में नियमों के पालन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है। स्कूल बसों की भी हुई जांच - वाहन चेकिंग अभियान के दौरान स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई। परिवहन विभाग की टीम द्वारा सांदीपनी विद्यालय, कुरवाई के परिसर में पहुंचकर स्कूल बसों की जांच की गई। विद्यालय परिसर में खड़ी 10 स्कूल बसों का निर्धारित सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विशेष रूप से स्कूल बसों में विद्यार्थियों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं तथा निर्धारित मानकों के पालन की स्थिति देखी गई। साथ ही यात्री बसों की भी जांच कर यह सुनिश्चित किया गया कि उनका संचालन निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो। स्कूली विद्यार्थियों को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट - इसी क्रम में कुरवाई में स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। अपर कलेक्टर, विदिशा, जिला परिवहन अधिकारी, विदिशा तथा अनुविभागीय दंडाधिकारी, कुरवाई की उपस्थिति में विदिशा बस संचालक एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं बस संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विदिशा जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन द्वारा निर्णय लिया गया कि जिले के समस्त यात्री बस संचालकों द्वारा स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को यात्री किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। यह निर्णय विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए राहतकारी माना जा रहा है। बैठक में विदिशा जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री महेश सिंघल सहित अनेक बस संचालक उपस्थित रहे। बैठक में विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षित परिवहन और बस संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। परिवहन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई और बस संचालकों के साथ हुए इस निर्णय का उद्देश्य एक ओर जहां यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है, वहीं दूसरी ओर स्कूली विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना भी है। जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा ने कहा कि जिले में वाहन जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा विशेष रूप से स्कूल बसों एवं यात्री बसों में सुरक्षा मानकों के पालन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। #Vidisha - Vidisha News