#सरकारी_काम_के_बीच_विवाद..
भरतपुर। नदबई कस्बे के हलैना रोड स्थित कच्चा कुंडा (कुंडा पोखर) पर रविवार शाम नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यकरण और निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार पक्ष और स्थानीय निवासियों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने एक हिंसक झड़प का रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों, लोहे के सरियों और फावड़ों से एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस खूनी संघर्ष में ठेकेदार नकुल राज सहित कुल पांच लोग लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही सभी घायलों को तुरंत नदबई के स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक सुपरवाइजर की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए भरतपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुम्हेर (डीग) निवासी ठेकेदार नकुल राज ने नदबई थाने में मामला दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, जब वे नगर पालिका की स्वीकृत निविदा के तहत जाटव मोहल्ला स्थित कुंडे पर दीवार का निर्माण करा रहे थे, तभी करीब आठ से दस लोग लाठी-सरियों से लैस होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए निर्माणाधीन दीवार का विरोध किया और उसे तोड़ना शुरू कर दिया। जब ठेकेदार और उसके साथियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट के आधार पर नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दोनों पक्षों से गहन पूछताछ के साथ जांच शुरू कर दी है।