अररिया में एनीमिया मुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ।
30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, छह माह से अधिक उम्र के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की होगी हीमोग्लोबिन जांच
एनीमिया मुक्त बिहार अभियान के तहत जिले में विशेष अभियान का शुभारंभ मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से सदर अस्पताल, अररिया एवं अनुमंडल अस्पताल, फारबिसगंज में किया।
सदर अस्पताल, अररिया में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रभारी सिविल सर्जन, डॉ जमील अहमद, प्रभारी उपाधीक्षक, डॉ० राजेन्द्र कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संतोष कुमार, जिला अनुश्रवण एवं मुल्यांकन पदाधिकारी, अस्पताल प्रबंधक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, जिला योजना समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
अभियान के तहत जिले में छह माह से अधिक उम्र के सभी बच्चों, वयस्कों एवं बुजुर्गों की हीमोग्लोबिन जांच स्वास्थ्य विभाग की टीम के माध्यम से प्रत्येक पंचायत में की जाएगी। यह विशेष अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगा।
अभियान के दौरान सदर अस्पताल, अररिया से लेकर सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, विद्यालयों में संचालित चिकित्सा दल तथा वीएचएसएनडी (VHSND) साइट के माध्यम से लोगों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान जिन व्यक्तियों में एनीमिया की पुष्टि होगी, उन्हें मौके पर ही आवश्यक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सदर अस्पताल में महिलाओं की एनीमिया जांच भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अभियान का लाभ उठाते हुए हीमोग्लोबिन की जांच कराने और एनीमिया की स्थिति सामने आने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार कराने की अपील की गई।
Araria, Araria | Aug 25, 2026