Rewa MP: संजय गांधी अस्पताल के 50 रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया काम का बहिष्कार, बैठे धरने पर,,
रीवा के संजय गांधी अस्पताल में चल रहे विवाद ने देर रात एक नया मोड़ ले लिया। अस्पताल के करीब 50 रेजिडेंट डॉक्टर रात लगभग 12 बजे अस्पताल के बाहर जमीन पर धरने पर बैठ गए। डॉक्टरों का आरोप है कि आईसीयू वार्ड के अंदर पांच युवक शराब के नशे में घुस आए और एक डॉक्टर के साथ मारपीट की। घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। धरने पर बैठे डॉक्टरों का कहना है कि वे दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं। कई बार लगातार तीन से चार दिन तक बिना आराम और बिना घर गए मरीजों की देखभाल करनी पड़ती है। इसके बावजूद अस्पताल परिसर में डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। डॉक्टरों ने सवाल उठाया कि जब उनके साथ आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक कोई जिम्मेदार अथॉरिटी उनसे बातचीत कर उनकी सुरक्षा को लेकर ठोस आश्वासन नहीं देती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। डॉक्टरों ने काम का बहिष्कार करने की बात कही है और कहा है कि वे ओपीडी, मरीजों की देखरेख और इलाज से दूर रहेंगे। बताया जा रहा है कि संजय गांधी अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ मारपीट और विवाद की घटना के बाद से ही डॉक्टरों में नाराजगी है। इसी के विरोध में करीब 50 रेजिडेंट डॉक्टर अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे हैं और अपनी सुरक्षा की ठोस व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।