ताजिया पहलाम को लेकर सासाराम में डीएम-एसपी ने बाइक से किया गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
रोहतास जिले में मोहर्रम के अवसर पर ताजिया पहलाम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार स्वयं बाइक पर सवार होकर सासाराम शहर की विभिन्न गलियों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गश्त के दौरान उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे ताजिया पहलाम का कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।