#बलरामपुर: इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस और SSB का संयुक्त चेकिंग अभियान, पैदल गश्त कर संदिग्धों पर रखी नजर...
बलरामपुर। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन में शनिवार को इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई।
संयुक्त टीम ने इंडो-नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सतर्कता बरतते हुए निगरानी की। नेपाल के सीमावर्ती गांवों में भी लगातार पैदल गश्त की गई और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग की गई।
पुलिस टीम द्वारा सीमा क्षेत्र में होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही सीमा से सटे गांवों की ग्राम सुरक्षा समितियों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर मादक पदार्थों की तस्करी, मानव एवं गौ तस्करी, अवैध कटान तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सीमा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।
#balrampur #balrampurpolic #ssb #indonepalborder