आगामी चुनाव के मद्देनजर चित्तौड़गढ़ शहर में फ्लैग मार्च
चित्तौड़गढ़,29 अगस्त 2026। चित्तौड़गढ़ शहर में आगामी निकाय चुनाव-2026 के मद्देनजर शनिवार को पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व डीवाईएसपी बृजेश सिंह ने किया। इस दौरान डीवाईएसपी रविन्द्र प्रताप सिंह थानाधिकारी कोतवाली रजनीश, थानाधिकारी सदर प्रेम सिंह एवं थानाधिकारी चंदेरिया भारत सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च में थाना चंदेरिया, कोतवाली, सदर एवं पुलिस लाइन का जाप्ता शामिल रहा। पुलिस बल ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पैदल मार्च कर आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल कायम करने का संदेश दिया।
आगामी निकाय चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश दिया गया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।