पीएम धन-धान्य कृषि योजना में टीकमगढ़ जिले की उपलब्धि का क्रम जारी
-
जून माह की राष्ट्रीय रैंकिंग में देशभर में चौथा एवं समग्र प्रदर्शन में तीसरा स्थान प्राप्त
-
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (पीएमडीडीकेवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन में टीकमगढ़ जिले ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जून माह की जारी राष्ट्रीय रैंकिंग में टीकमगढ़ जिले ने पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, योजना के प्रारंभ से अब तक के समग्र प्रदर्शन के आधार पर जिला राष्ट्रीय स्तर पर तीसरे स्थान पर बना हुआ है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जिले में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता, प्रभावशीलता एवं सुनियोजित रणनीति के साथ किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के सतत मार्गदर्शन, नोडल अधिकारी की मॉनिटरिंग, विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों तथा मैदानी स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय कार्यशैली से योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित हुई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मई माह की राष्ट्रीय रैंकिंग में टीकमगढ़ ने देशभर में पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया था। जून माह में एक स्थान की प्रगति करते हुए चौथे स्थान पर पहुँचना जिले के निरंतर बेहतर होते प्रदर्शन का प्रमाण है।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय योजना से जुड़े सभी विभागों, अधिकारियों, मैदानी अमले, कृषकों एवं पशुपालकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सहभागिता को दिया है। सभी के सहयोग से योजना के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, कृषि विज्ञान केंद्र, सहकारी संस्थाओं एवं जिले के किसानों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में टीकमगढ़ कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में और भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgrah
40 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026