भैसहीं के पूर्ववर्ती छात्रों ने पेश की मिसाल, डीएम ने की पहल की सराहना
उच्च माध्यमिक विद्यालय भैसहीं में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों ने सराहनीय पहल की। विभिन्न क्षेत्रों में सेवा दे रहे पूर्व छात्रों ने विद्यालय को कंप्यूटर, इन्वर्टर, प्रिंटर, हैंडपंप समेत लाखों रुपये की आवश्यक सामग्री अपने स्तर से उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रोहतास जिलाधिकारी दीपक कुमार ने पूर्व छात्रों और ग्रामीणों की पहल की सराहना की। उन्होंने इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकार व भैसहीं निवासी अखिलेश कुमार की भी प्रशंसा की। डीएम ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में सहयोग और दान की परंपरा धीरे-धीरे कम हो रही है। ऐसे समय में पूर्व छात्रों को विद्यालय से जोड़कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना अनुकरणीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिले के हर पंचायत के सरकारी विद्यालय में ऐसी पहल की जरूरत है।
डीएम ने विद्यालय को सामग्री उपलब्ध कराने वाले रामाकांत राय, ब्रजेश राय, करन कुमार गोलू, लक्ष्मण राय और कुशनाथ राय को सम्मानित किया। अखिलेश कुमार ने कहा कि पूर्व छात्रों की छोटी-छोटी मदद भी विद्यार्थियों के लिए बड़ा सहयोग बन सकती है। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी भी लगाई, जिसकी डीएम ने सराहना की। प्राचार्या प्रमिला कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने किया। शिक्षक सुशील कुमार व अलोक सिंह सहित अन्य का योगदान रहा।