नियमितीकरण की मांग लेकर खुले दरबार पहुंचे गेस्ट टीचर,
मंत्री राजेश नागर को सौंपा ज्ञापन
हरियाणा के करीब 12 हजार गेस्ट टीचरों को नियमित करने की मांग मंत्री राजेश नागर के खुले दरबार तक पहुंची। गेस्ट टीचरों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश को जल्द लागू कर उनकी सेवाओं को नियमित करने की मांग की।
प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रदेश के हजारों गेस्ट टीचर पिछले 20-21 वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे शिक्षकों की है, जो अपनी सेवा के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं और सेवानिवृत्ति की आयु के करीब हैं। ऐसे में उनकी मांग पर शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है।
मंत्री राजेश नागर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री से स्वयं मुलाकात करेंगे तथा समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
छठ घाट की शिकायत पर तुरंत दिए निर्देश
खुले दरबार में अशोका एनक्लेव चिल्ड्रेन पार्क पॉकेट के छठ घाट से जुड़ी शिकायत भी सामने आई। छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ पहुंचे देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस स्थान पर एक दशक से अधिक समय से छठ पूजा आयोजित की जा रही है, लेकिन घाट वाली जगह पर जिम मशीनें लगा दिए जाने से सैकड़ों परिवारों की धार्मिक आस्था और आयोजन प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायत सुनते ही मंत्री राजेश नागर ने नगर निगम के संबंधित अधिकारी को छठ घाट वाले स्थान को पक्का करने और वहां फाउंटेन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जिम मशीनों को पार्क में किसी अन्य उचित स्थान पर स्थानांतरित करने को कहा।
गोदरेज रिट्रीट के निवासियों की आशंका दूर
सेक्टर-83 स्थित गोदरेज रिट्रीट सोसाइटी के निवासियों ने डीटीपी की ओर से अनावश्यक तोड़फोड़ किए जाने की आशंका मंत्री के सामने रखी। मंत्री राजेश नागर ने संबंधित अधिकारी से बातचीत कर स्थिति स्पष्ट कराई और निवासियों की चिंता दूर की।
समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने पर संबंधित प्रतिनिधिमंडलों और स्थानीय निवासियों ने संतोष व्यक्त किया।