*वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान*
*महिलाओं ने कलश यात्रा के माध्यम दिया जल संरक्षण का दिया संदेश*
*जिला कलक्टर की अध्यक्षता में विश्व पर्यावरण दिवस पर मकराना की ग्राम पंचायत बिल्लू में आयोजित हुआ कार्यक्रम*
*21 नीम के पौधो का किया वृक्षारोपण*
डीडवाना-कुचामन, 5 जून।
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मकराना ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बिल्लू के नानक्या नाड़ा तालाब पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत से हुई। आगंतुक मेहमानों का पुष्प वर्षा एवं
बैण्ड-बाजों के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद जिला कलक्टर सहित जन प्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस दौरान विधि-विधान के साथ वट वृक्ष का पूजन किया गया। तालाब के चारों ओर महिलाओं ने कलश यात्रा एवं परिक्रमा कर जल संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में 21 नीम के पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण किया गया और अभियान के तहत 51 महिलाओं को तुलसी के पौधे एवं नारियल वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना ने कहा कि जल और पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के माध्यम से आमजन को जल बचाने, जल स्रोतों का संरक्षण करने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से आगामी दिनों में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने एवं वर्षा जल का संरक्षण करने के लिए का आह्वाहन किया।
इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी अंशुल सिंह बेनीवाल,प्रधान सुमिता भींचर,तहसीलदार कृष्ण शर्मा,विकास अधिकारी दीपक चौधरी,प्रशासक सरपंच परमाराम हुरडिया, राजेश डारा, रामदेव पारीक सहित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
Didwana, Nagaur | Jun 5, 2026